बक्सर: डुमरांव प्रखंड के एक मध्य विद्यालय में दो शिक्षकों पर करीब 12 नाबालिग छात्राओं के साथ यौन शोषण करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने व वायरल करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद इलाके में काफी आक्रोश फैल गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो करीब तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद छात्राओं के परिजनों और ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और दोनों आरोपित शिक्षकों की पिटाई भी कर दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, ग्रामीणों से आवेदन लिया गया है और आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अब वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

