बिहार के सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ। कटैया चौक के पास NH-327E पर बजरंगबली मंदिर के सामने कुछ लोग झूलन पर्व के दौरान सड़क किनारे बैठकर भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वहां बैठे लोगों को रौंदती चली गई।
हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में तिलाई दास, राजू दास, सुरेंद्र यादव, भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह शामिल हैं। घायल रामचंद्र यादव को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने NH-327E को जाम कर मुआवजे और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति संभालने की कोशिश की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

