बिहार के पूर्णिया में 36 वर्षीय शिक्षिका शालिनी कुमारी की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना केहाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर में रविवार रात करीब 8:30 बजे हुई। शालिनी कुमारी श्रीनगर प्रखंड के एक प्लस टू स्कूल में शिक्षिका थीं।
जानकारी के मुताबिक, शालिनी अपने पति राजकुमार यादव और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थीं। राजकुमार यादव बैंक में कार्यरत बताए जा रहे हैं। आरोप है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद राजकुमार यादव ने शालिनी कुमारी को गोली मार दी और घटना के बाद फरार हो गए।
गोली शालिनी के सीने में लगी थी। घटना की जानकारी परिवार को उनके बड़े बेटे के फोन से मिली। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी राजकुमार यादव की तलाश की जा रही है।

