चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों और ग्रामीणों के बीच बढ़ रहे टकराव को कम करने के लिए मंत्री दीपक बिरुआ ने वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में हाथियों की आवाजाही, उनके रास्तों और प्रभावित गांवों की सुरक्षा पर खास चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि हाटगम्हरिया समेत कुछ इलाकों में हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। वहीं हाथियों के पुराने रास्तों के अलावा कुछ नए इलाकों में भी उनकी आवाजाही देखी जा रही है। ऐसे में हाथियों के आने-जाने वाले रास्तों की पहचान और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में हाथियों से प्रभावित लोगों को मिलने वाले मुआवजे के लंबित मामलों को जल्द निपटाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया गया। वन विभाग और जिला प्रशासन को आपस में बेहतर तालमेल के साथ काम करने को कहा गया।
ग्रामीणों को समय रहते हाथियों की जानकारी देने के लिए ऑटोमेटेड सायरन सिस्टम जैसी तकनीक का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। कुछ क्षेत्रों में इसका परीक्षण शुरू किया गया है, ताकि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही लोगों को सतर्क किया जा सके।

