झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह सही और अपडेट करने के लिए चुनाव आयोग 22 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला आयोजित करेगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) लोगों को बताएंगे कि अगर किसी का नाम मतदाता सूची में नहीं है, गलत दर्ज है या उसमें किसी तरह की त्रुटि है, तो उसे कैसे ठीक कराया जा सकता है।
चुनाव पाठशाला में लोगों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी जाएगी और मौके पर ही आवेदन भरने में मदद की जाएगी। चुनाव आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और सभी का नाम सही तरीके से मतदाता सूची में दर्ज हो सके। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर इस अभियान में भाग लेने और मतदाता सूची का सत्यापन कराने की अपील की है।

