जमशेदपुर के उरांव बस्ती इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक किसी काम से जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद बदमाश उसके गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक का नाम सोनू कुमार है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

