शहर में बढ़ते अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को कड़ा संदेश दिया है। अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि जिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, नशे का कारोबार, बालू या अन्य गैरकानूनी धंधा चलता मिला, वहां के थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ निलंबन सहित कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, सूचना तंत्र मजबूत रखने और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी।
बैठक में लंबित मामलों के जल्द निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी और आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान करने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।

