जमशेदपुर और आसपास के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर से मुंबई और वाराणसी के लिए स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा पहले से ज्यादा तेज, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं के साथ करने का मौका मिलेगा।
प्रस्ताव के अनुसार, एक स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शालीमार से मुंबई के बीच चलेगी, जो टाटानगर और चक्रधरपुर होकर गुजरेगी। वहीं दूसरी ट्रेन टाटानगर से सीधे वाराणसी तक चलाने की योजना है। इससे झारखंड के यात्रियों को धार्मिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
हालांकि, अभी यह केवल प्रस्ताव के स्तर पर है। रेलवे बोर्ड से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही ट्रेनों के संचालन की तारीख और समय की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। यात्रियों को अब रेलवे के अंतिम फैसले का इंतजार है।

