जमशेदपुर के डिमना लेक में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोनारी के कागलनगर का रहने वाला एक युवक अपने दोस्तों के साथ डिमना लेक घूमने गया था। गर्मी से राहत पाने के लिए सभी लोग लेक में नहाने उतरे। इसी दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस घटना से युवक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
डिमना लेक में पहले भी कई बार डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर गहरे पानी में उतर जाते हैं। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि डिमना लेक या किसी भी गहरे जलाशय में नहाने से बचें और अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।

