जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन ओवरब्रिज से बर्मामाइंस जाने वाली सड़क पर बना बड़ा गड्ढा अब लोगों के लिए जान का खतरा बन गया है। बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर जाने से इसकी गहराई दिखाई नहीं देती। हर दिन सैकड़ों बाइक, ऑटो, कार और भारी वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन गड्ढे की वजह से हादसे का डर हमेशा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की शिकायत की गई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है और वाहन चालकों को मजबूर होकर धीमी रफ्तार में निकलना पड़ रहा है। कई दोपहिया चालक गड्ढे में फंसकर गिर चुके हैं, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं।
लोगों का कहना है कि अगर जल्द इस गड्ढे की मरम्मत नहीं हुई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिकों ने रेलवे और जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने की मांग की है

