जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के नाम और तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है। इस आईडी से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और मैसेंजर पर बातचीत कर ठगी की कोशिश की जा रही है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन ने साफ किया है कि उपायुक्त किसी भी निजी फेसबुक अकाउंट से लोगों से संपर्क नहीं करते और न ही सोशल मीडिया के जरिए किसी से पैसे, बैंक खाता, ओटीपी या अन्य निजी जानकारी मांगते हैं। ऐसे में यदि किसी को इस तरह का कोई संदेश या फ्रेंड रिक्वेस्ट मिले तो उस पर बिल्कुल भी भरोसा न करें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फर्जी आईडी को तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक करें तथा इसकी जानकारी साइबर थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। अधिकारियों का कहना है कि फर्जी आईडी बनाने वाले की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आने की अपील की गई है।

