जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित टुईलाडूंगरी इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब CBI की टीम अचानक एक घर पर पहुंची। टीम ने साइबर ठगी से जुड़े मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर उससे लंबी पूछताछ की। जांच एजेंसी को शक है कि युवक के बैंक खाते और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल देशभर में हुई ऑनलाइन ठगी के पैसों के लेन-देन में किया गया था।
CBI अधिकारियों ने घर की तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की जांच की। बरामद सामग्री को जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पूरे साइबर गिरोह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पूछताछ के दौरान CBI यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक इस गिरोह का सक्रिय सदस्य था या फिर उसका बैंक खाता और सिम किसी अन्य व्यक्ति ने इस्तेमाल किया था। जांच पूरी होने के बाद ही उसकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल CBI ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो आने वाले दिनों में शहर के अन्य इलाकों में भी छापेमारी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

