जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पोटका प्रखंड में सबसे अधिक मरीज मिलने के बाद अब शहर के कई इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांवों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों की जांच कर रही हैं, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बुखार से पीड़ित लोगों की जांच, दवाइयों का वितरण और मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही लोगों को घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरदानी का उपयोग करने और बुखार आने पर तुरंत सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि समय पर जांच और इलाज कराया जाए तो मलेरिया से आसानी से बचाव संभव है। इसलिए लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

