जमशेदपुर: अयोध्या के राम मंदिर में दान और चढ़ावे से जुड़े कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले को लेकर गुरुवार को जमशेदपुर में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस रैली का नेतृत्व झामुमो नेता बबन राय ने किया, प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए रैली में भगवान श्रीराम ,माता सीता ओर वानर सेना की झांकियां की गई थी, रैली में शामिल कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां ओर बैनर लिए हुए थे उसमें वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।
राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एजेंसी या न्यायिक जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिले। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे देशभर के श्रद्धालुओं का विश्वास भी कायम रहेगा।
जिला प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर उसे नियमानुसार आगे भेजने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और बाद में सभी प्रदर्शनकारी वहां से रवाना हो गए।
गौरतलब है कि अयोध्या राम मंदिर में दान एवं चढ़ावे के कथित गबन को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन और जांच की मांग उठ रही है। इसी क्रम में जमशेदपुर में भी यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।

