जमशेदपुर में राहुल बच्चा हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात पुलिस और मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी मानगो इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे घेर लिया।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
राहुल बच्चा हत्याकांड जमशेदपुर का चर्चित मामला बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि इस हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के साथ इसी प्रकार की सख्ती आगे भी बरती जाएगी, जिससे आम लोगों का विश्वास पुलिस पर बनी रहे।

