जमशेदपुर के लिए रविवार का दिन बेहद भावुक रहा। टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू) की पत्नी रेणुका चौधरी (गुड्डू) पंचतत्व में विलीन हो गईं। उनके अंतिम संस्कार में परिवार, रिश्तेदारों, टाटा स्टील के अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शुभचिंतक शामिल हुए। नम आंखों से सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
बताया जा रहा है कि रेणुका चौधरी पिछले कई महीनों से गंभीर रूप से बीमार थीं। हार्ट अटैक के बाद उनका इलाज पहले जमशेदपुर, फिर कोलकाता और बाद में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। चिकित्सकों के लगातार प्रयासों के बावजूद शनिवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही टाटा स्टील परिवार और पूरे श्रमिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को उनका पार्थिव शरीर जमशेदपुर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि के दौरान मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
इस दुखद घड़ी में शहर के कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, टाटा स्टील के अधिकारियों, टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों तथा विभिन्न संगठनों के लोगों ने संजीव चौधरी और उनके परिवार को ढांढस बंधाया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
गौरतलब है कि पत्नी की गंभीर बीमारी के बावजूद संजीव चौधरी लगातार अपने संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करते रहे। इसी दौरान उन्होंने टाटा स्टील कर्मचारियों के वेज रिवीजन सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। रेणुका चौधरी के निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि टाटा स्टील और श्रमिक जगत ने भी एक आत्मीय और सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया है।

