जमशेदपुर: शहर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में 53 वर्षीय मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मरीज की हालत बिगड़ने पर बार-बार मांगने के बावजूद समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे उनकी जान चली गई।
मृतक की पहचान कोवाली थाना क्षेत्र निवासी मिश्री मांझी (53) के रूप में हुई है। उनकी बेटी रूपाली मांझी के अनुसार, उनके पिता किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। पहले उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया था।
परिजन शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां चौथी मंजिल के मेडिसिन वार्ड में बेड नंबर 448 पर भर्ती कराया गया था।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी। परिवार का आरोप है कि उन्होंने वार्ड में मौजूद नर्स से कई बार ऑक्सीजन लगाने की गुहार लगाई।
आरोप है कि नर्स ने कहा कि ऑक्सीजन सिलेंडर नीचे रखा है और उसे ऊपर लाने में समय लगेगा। इसी दौरान मरीज की मौत हो गई।
परिजनों का यह भी दावा है कि मरीज की मौत के बाद उन्हें बताया गया कि ऑक्सीजन बेड के पास ही उपलब्ध थी। इस बात से परिवार के लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
मरीज की मौत के बाद सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगभग आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। बाद में अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और शांत कराया।
मृतक के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि लापरवाही साबित होती है तो जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

