गुमला, झारखंड। जिले के बसिया थाना क्षेत्र के भागीडेरा के पास सोमवार देर शाम बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक और स्कूटी पर दो-दो लोग सवार थे। दोनों वाहन भागीडेरा के पास मुख्य सड़क पर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में पालकोट के टेंगेरिया निवासी सुकरा सोरेंग की पहचान हुई है। दूसरे मृतक की पहचान की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायल दो युवकों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

