जमशेदपुर। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के जामशोला चेकनाके पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा जाइलो कार से करीब 44 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए कार की बॉडी के अंदर विशेष गुप्त जगह बना रखी थी। इसी में एक-एक किलो के 44 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजे की पूरी खेप बरामद की।
मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर बहरागोड़ा के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
इसके बाद एनएच-49 स्थित जामशोला चेकनाके पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के संबलपुर जिले के निवासी भावग्राही साहू (40) और ध्रुव चरण बेहरा (50) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई पश्चिम बंगाल के खड़गपुर समेत अन्य इलाकों में किए जाने की आशंका है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

