गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल पारसनाथ (सम्मेद शिखरजी) से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस सोमवार देर रात मधुबन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के सूरत से करीब 50 जैन श्रद्धालु पारसनाथ पर्वत पर दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु बस से टाटानगर रेलवे स्टेशन लौट रहे थे, जहां से उन्हें गुजरात के लिए ट्रेन पकड़नी थी।
इसी दौरान मधुबन से करीब एक किलोमीटर आगे चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। बस पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन (51) और उनकी पत्नी बदामी देवी (49) की जान चली गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों बस के अगले हिस्से में बैठे थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को पीरटांड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, रात में कोहरा और कम दृश्यता हादसे की संभावित वजह हो सकती है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

