जमशेदपुर/आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने खरकई नदी के पुराने पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से युवती की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे आदित्यपुर स्थित खरकई नदी के छोटे पुल पर युवती अचानक नदी में कूद गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव का प्रयास शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने युवती को पुल के पिलर के पास संभालकर रखा, ताकि वह तेज बहाव में बह न जाए। सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस युवती को अपने साथ आदित्यपुर थाना ले गई। फिलहाल उसकी पहचान और नदी में छलांग लगाने के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बचाव अभियान में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों की सराहना की है। उन्होंने रेस्क्यू में अहम भूमिका निभाने वाले लोगों को सम्मानित करने की बात भी कही है।

