जमशेदपुर/लोहरदगा: झारखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच जमशेदपुर से नेतरहाट घूमने जा रहे पांच पर्यटकों की कार लोहरदगा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जमशेदपुर के साकची से पांच लोग कार में सवार होकर पर्यटन स्थल नेतरहाट के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत कंडरा के पास केरा झरिया नदी के समीप कार अनियंत्रित हो गई।
बताया जा रहा है कि कार सड़क किनारे लगे दिशा संकेत बोर्ड से टकराने के बाद खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। सूचना मिलने पर सेन्हा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए भेजा गया।
इस दुर्घटना में कालिदास वासकी (30), सुमित हांसदा (26), कर्ण महली (25), स्नेह देवी (24) और सोनाली मुर्मू (24) घायल हुए हैं। इनमें एक युवती की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी और घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

