जमशेदपुर। रांची के चर्चित रिम्स जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को जमशेदपुर में बड़ी कार्रवाई की। ACB की टीम ने मानगो स्थित सन सिटी में एक आवास पर छापेमारी कर जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की।
जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान टीम ने घर में रखे कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेजों को खंगाला। बताया जा रहा है कि एक बंद अलमारी को खोलने के लिए मिस्त्री को बुलाया गया और लॉक कटवाकर अंदर रखे दस्तावेजों की जांच की गई।
यह पूरी कार्रवाई रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की जमीन से जुड़े कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में की गई है।
जांच का केंद्र RIMS की करीब 9.65 एकड़ जमीन है। आरोप है कि जमीन के अधिग्रहण और सरकारी रिकॉर्ड में कथित हेरफेर कर जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की गई।
इस मामले में ACB पहले भी कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। अब जमशेदपुर में हुई छापेमारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है।
फिलहाल ACB की जांच जारी है। छापेमारी में मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

