जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र की गरीब नवाज कॉलोनी में एक पालतू कुत्ते के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आया है। घटना में टॉमी नाम के कुत्ते की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
कुत्ते की मालकिन फरजाना परवीन के आरोप के अनुसार, 13 नवंबर को चार लोग उनके घर से टॉमी को उठाकर ले गए थे। आरोप है कि इसके बाद उसे रेलवे ट्रैक पर लोहे के तार से बांध दिया गया। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जुगसलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अफसर नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

