झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कोयला कन्वेयर बेल्ट का ढांचा अचानक गिरने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) के CHP-JH-1 क्षेत्र में हुआ। यहां कन्वेयर बेल्ट के निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन ढांचे का एक हिस्सा ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घटना ने एक बार फिर औद्योगिक परियोजनाओं में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
NTPC जैसे बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट में इस तरह का हादसा होना गंभीर चिंता का विषय है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था और ढांचा गिरने की असली वजह क्या थी, इसकी जांच जरूरी है।

