रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 19 और 20 नवंबर को बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 20 नवंबर को राज्य के चार जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिले में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा कई अन्य इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव आने की संभावना है।
वहीं, बारिश के बाद राज्य के कई जिलों में तापमान गिर सकता है, जिससे ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली से बचने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी है।

