दुमका (झारखंड): झारखंड के दुमका जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा दुमका-देवघर मुख्य मार्ग पर जामा थाना क्षेत्र के महारो पुल के पास देर रात हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, सरसाबाद गांव के रहने वाले दो युवक मनोज मुर्मू (34 वर्ष) और सनातन मरांडी (30 वर्ष) पल्सर मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान महारो पुल के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि सनातन मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनोज मुर्मू ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे की खबर से पूरे सरसाबाद गांव में मातम छा गया है।
वहीं, जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

