जमशेदपुर। छठ महापर्व के मद्देनजर जमशेदपुर जिला प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा घाटों तक सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए शहर में भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह 6 बजे से 16 नवंबर की सुबह 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस दौरान यात्री बसों को भी प्रतिबंध के दायरे में रखा गया है।
इससे पहले 14 नवंबर को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक भारी वाहनों को सामान्य रूप से चलने की अनुमति थी। इसके बाद सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक यात्री बसों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी।
प्रशासन का यह फैसला छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सड़कों पर जाम की आशंका को देखते हुए लिया गया है। यातायात पुलिस और सभी शहरी थाना प्रभारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपनी यात्रा की योजना प्रतिबंधित समय को ध्यान में रखकर बनाएं।

