झारखंड के खूंटी जिले से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। रनिया थाना क्षेत्र के तेतारी गांव में गुरुवार सुबह 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग और बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, करीब 25 वर्षीय दंतैल हाथी कोयल नदी की ओर से तेतारी गांव की तरफ आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में नीचे लटक रहे हाई वोल्टेज बिजली तार के संपर्क में आने से उसकी मौत हो गई।
हाथी का शव गांव के बालिका मध्य विद्यालय के पास झाड़ियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बिजली का तार कई दिनों से काफी नीचे लटक रहा था। इसकी शिकायत बिजली विभाग से भी की गई थी। अधिकारियों के अनुसार, पहले तार की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन दोबारा ऐसी घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग, पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हाथी की मौत के सही कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस घटना ने जंगलों और ग्रामीण इलाकों से गुजरने वाली हाई वोल्टेज बिजली लाइनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण ऐसे हादसों का खतरा बना हुआ है।
वन विभाग की ओर से हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में नीचे लटक रहे बिजली तारों का सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है।

