जमशेदपुर में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो और शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार, 14 नवंबर को सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
वहीं, 15 नवंबर को सुबह 6 बजे से 16 नवंबर को सुबह 11 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
छठ महापर्व के दौरान स्वर्णरेखा और खरकई नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहन लेकर न निकलें और यातायात नियमों का पालन करें।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि छठ घाटों पर जाते समय यातायात व्यवस्था का ध्यान रखें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

