मधुबनी, बिहार। बिहार के मधुबनी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीण की हत्या और तीन लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में फरार चल रहे पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह का शव गुरुवार देर शाम बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव के एक खेत में बरामद हुआ। शव के पास से उनकी सर्विस पिस्टल, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 3 नवंबर की रात बलिराजगढ़ गांव में ASI चंद्रमोहन सिंह और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान ASI ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।फरार ASI की गिरफ्तारी के लिए मधुबनी पुलिस ने 12 विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस नेपाल सीमा से सटे इलाकों और बिहार के बाहर भी उनकी तलाश कर रही थी।
गुरुवार को खेत में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। दस्तावेजों और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई।
मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा। फिलहाल ASI की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

