रांची: झारखंड की राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बुधवार को झीलया नदी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35) और प्रकाश महतो (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे। इसी दौरान चौकी टांड़ के पास झीलया नदी के समीप ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया और भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला लदे भारी वाहन गुजरते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
घटना की सूचना मिलने पर बुढ़मू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा के अनुसार, हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटवाया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने, सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

