भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। बबरगंज थाना क्षेत्र में उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर तलवार, फरसा, भाले और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 9 और 10 नवंबर की मध्यरात्रि को बबरगंज थाना क्षेत्र के अंबई रोड और हुसैनाबाद इलाके में पुलिस टीम विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एतवारी हाट और पूजा समिति के पास हंगामे की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 40 से 50 लोगों को हथियारों के साथ हंगामा करते देखा। पुलिस ने पहले लोगों को समझाकर शांत कराया।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद उपद्रवियों ने अचानक पुलिस टीम और सरकारी वाहन पर हमला कर दिया। हमले में थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

