बोकारो (झारखंड): झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल स्थित CCL की कथारा कोलियरी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोयले का भारी ढेर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे सात लोग कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड नंबर-5 में कोयला चुनने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का विशाल ढेर ढह गया और वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई, जबकि चार अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और CCL प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। बेरमो के DSP रविंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद कोलियरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि कोयला स्टॉकयार्ड में लोगों की आवाजाही और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे।

