झारखंड के पलामू जिले में काली पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिंदुरिया गांव में हुई इस घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पलामू के सदर प्रखंड अंतर्गत लहलहे पंचायत के सिंदुरिया गांव में इस वर्ष दो अलग-अलग स्थानों पर काली पूजा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं।
बताया जाता है कि सोमवार रात करीब 9 बजे विसर्जन जुलूस के दौरान दोनों पक्षों के कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में विसर्जन जुलूस उसी रास्ते से गुजरने के दौरान दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव किया।
इस घटना में पुलिस की दो गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सदर एसडीपीओ राजेश यादव के अनुसार, इस मामले में 42 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

