जमशेदपुर। जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत जामबनी गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सुजय महतो के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुजय महतो सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे मोपेड से घर लौट रहा था। इसी दौरान भूला-भुईयांसिनान मुख्य सड़क पर जामबनी गांव के पास उसकी मोपेड सड़क किनारे खड़ी पिकअप वैन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सुजय महतो भूला गांव का रहने वाला था और एक टेंट हाउस में काम करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बोड़ाम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

