/गढ़वा: झारखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग अभियानों में करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये का 441 किलो गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पहली बड़ी कार्रवाई गढ़वा जिले में हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास खड़े एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाया गया है।
पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसके अंदर एक गुप्त तहखाना मिला। उसे खोलने पर पुलिस भी हैरान रह गई। अंदर एक-एक किलो के 426 पैकेटों में गांजा भरा हुआ था।
बरामद गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 13 लाख रुपये बताई गई है। ट्रक उत्तर प्रदेश में रजिस्टर्ड है। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस तस्करों की तलाश कर रही है।
दूसरी कार्रवाई रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर हुई। यहां RPF ने हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से चार तस्करों को गिरफ्तार किया।
उनके पास से 15 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 7.5 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर से खरीदकर बिहार के चंपारण इलाके में ले जाया जा रहा था।
दोनों मामलों में पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आखिर इस कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजे की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी, इसकी जांच जारी है।

