सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सातबोहनी जुलुमटांड़ में पूजा पंडाल के पास सोमवार देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोली चल गई। गोली लगने से सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में विशाल सिंह का नाम आरोपी के रूप में सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पूजा पंडाल के पास हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

