हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दनुआ घाटी के महानेटांड़ कट के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी सवारी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के बिहारो गांव का एक परिवार 90 वर्षीय कुंजो प्रजापति के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी लेकर जा रहा था।
इसी दौरान दनुआ घाटी के पास गाड़ी सड़क किनारे रुकी थी। परिवार के लोग शव को बांधने वाली रस्सी ठीक कर रहे थे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक के फरार होने की खबर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक परिवार अंतिम संस्कार के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही परिवार के कई लोगों की जिंदगी खत्म हो गई।

