जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मानगो नगर निगम की ओर से छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 14 प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है।
घाटों पर रोशनी, पेयजल, चेंजिंग रूम और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गहरे पानी वाले स्थानों पर लाल निशान लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी।
प्रशासन की ओर से मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की तैयारी है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
नगर निगम का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक घाट उपलब्ध कराए जाएं।

