घाटशिला/जमशेदपुर: घाटशिला के दाहीगोड़ा इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे दाहीगोड़ा स्थित हनुमान मंदिर के पास टाटानगर से घाटशिला की ओर जा रही डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की जान चली गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतका लालडीह की रहने वाली बताई जा रही है। हालांकि, महिला की विस्तृत पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी, मऊभंडार ओपी और घाटशिला थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद ट्रेन कुछ देर तक मौके पर रुकी रही।

