रांची, झारखंड: झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए झारखंड प्रशासन से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, निशा भगत की 6 नवंबर को रांची में मौत हो गई थी। मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी परेशानी जाहिर की थी। उन्होंने राज्य सरकार और जमीन से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने का निर्देश दिया है। आयोग ने पुलिस की ओर से पहले मिली शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है।
इसके अलावा फेसबुक लाइव की रिकॉर्डिंग, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आयोग ने कहा है कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या कर्तव्य में कोताही सामने आती है, तो उसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए। साथ ही मृतका के परिवार को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने अधिकारियों को सात दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने का निर्देश दिया है। अब सभी की नजर जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

