बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और STF की टीम के बीच मुठभेड़ हुई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष के घायल होने की भी खबर है। घटना के बाद दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में मृतकों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास पुलिस और STF की टीम की अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों की ओर से करीब 24 राउंड फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस की तरफ से 18 राउंड गोलियां चलाई गईं। मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घटनास्थल से हथियार बरामद किए जाने की बात भी कही गई है।
मुठभेड़ में मारे गए तीनों लोगों के शव जब दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल लाए गए, तो वहां परिजनों और समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एनकाउंटर को फर्जी बताया और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ और पथराव की भी खबर सामने आई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद सांसद मीसा भारती भी दानापुर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए एनकाउंटर की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
पुलिस के अनुसार, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पटना AIIMS भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी की निगरानी में कराए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एनकाउंटर को लेकर पुलिस के दावे और परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

