जमशेदपुर, 6 नवंबर। त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट का गंभीर मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पटमदा, बोड़ाम और डिमना रोड इलाके में करीब 30 दुकानों और होटलों पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई जगह खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी पाई गई।
जांच के दौरान पटमदा के बेलटांड़ चौक पर बेसन की जगह पशु आहार (कैटल फीड) के इस्तेमाल का मामला सामने आया। इसके अलावा मिठाइयों में अखाद्य रंगों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई।
डिमना चौक स्थित सुमन होटल एंड रेस्टोरेंट के किचन में भारी गंदगी के साथ चूहे और कॉकरोच पाए गए। यहां से 3 किलो मिलावटी पनीर और 12 किलो एक्सपायर्ड बेसन भी बरामद किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान:
24 किलो अखाद्य एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट की गई।
10 लीटर खराब खाद्य तेल नष्ट कराया गया।
विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

