खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कर्रा थाना क्षेत्र के जोने-लुदरू मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गई थी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे थे।
इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गया। ट्रक लोगों को कुचलते हुए पुलिया तोड़कर नीचे जा गिरा।
इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों की जान चली गई। एक पांच वर्षीय बच्ची खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज खूंटी सदर अस्पताल में चल रहा है।
हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायल बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रक चालक और खलासी हादसे के बाद मौके से फरार बताए गए हैं।

