हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। उरीमारी थाना क्षेत्र के करमाटिला जंगल में गुरुवार रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के कथित सदस्य अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अंशु दुबे के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया
मिली जानकारी के अनुसार, उरीमारी थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना के सिलसिले में पुलिस ने अंशु दुबे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार को करमाटिला जंगल में छिपाने की जानकारी दी थी।इसके बाद पुलिस टीम उसे साथ लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद अंशु दुबे ने छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक हथियार और एक पर्चा बरामद किया है। पुलिस अब बरामद सामान की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्य भी शामिल हैं या नहीं।
गोली लगने के बाद घायल अंशु दुबे को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी खतरे से बाहर है।
उरीमारी थाना प्रभारी इकबाल ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। पुलिस अब पूर्व की फायरिंग की घटना, बरामद हथियार और पर्चे की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

