झारखंड के बोकारो जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बेरमो अनुमंडल के कथारा कोलियरी में कोयले का बड़ा ढेर अचानक धंसने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 2 से 2:30 बजे के बीच कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड नंबर-5 में आसपास के गांवों के कुछ लोग घरेलू उपयोग और जलावन के लिए कोयला चुनने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का भारी ढेर भरभराकर गिर पड़ा।
हादसे में कुल सात लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस और सीसीएल प्रबंधन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद कथारा और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है।

