जमशेदपुर/खड़गपुर: रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से 1 करोड़ 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि युवक टाटानगर से हावड़ा जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर GRP की टीम नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद तीन बैग से 500 रुपये के नोटों के 280 बंडल बरामद हुए। कुल रकम 1 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल सोनी (36 वर्ष), निवासी हावड़ा के रूप में बताई गई है। पुलिस ने नकदी जब्त कर मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे हावड़ा में किसे पहुंचाया जाना था।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ट्रेन के जरिए करोड़ों रुपये कहां और किस मकसद से ले जाए जा रहे थे? जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

