जमशेदपुर: धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए जमशेदपुर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए शहर में तीन दिनों तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार, 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। वहीं, 7 नवंबर को भी दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
इसके अलावा 8 नवंबर को सुबह 6 बजे से 9 नवंबर की सुबह 6 बजे तक लगातार 24 घंटे भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि, इस दौरान यात्री बसों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी आवश्यक छूट रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि धनतेरस और दिवाली के दौरान साकची, बिष्टुपुर और शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी भारी वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय का पालन करें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।

