हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पांडेयबारा-सेलहारा रोड पर अम्बादोहर के समीप तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार जीजा-साले को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मानगढ़ निवासी 53 वर्षीय प्रयाग प्रजापति और महाराजगंज निवासी 55 वर्षीय जगदीश प्रजापति के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने रिश्तेदार के घर श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने चंदवारा जा रहे थे। इसी दौरान अम्बादोहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान प्रयाग प्रजापति ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जगदीश प्रजापति को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना के बाद मानगढ़ और महाराजगंज गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

